एक मुस्कान जो उम्मीद से भर देती है…

हम ज़िंदगी की भागम भाग में बहुत कुछ भूल जाते हैं। और एक बात जो हम भूल गए हैं वह है एक-दूसरे को देख मुस्कुराना। बच्चों जैसा खिलखिलाना, निर्द्वंद हँसना। प्रसिद्ध वरिष्ठ लेखक, कवि और सामाजिक मानवाधिकार कार्यकर्ता श्री गिरिधर राठी जी की मुस्कान, उनकी हंसी चंद ऐसी हंसी में से है जो बच्चों सी निश्छल है, पावन और मासूम है ।
अपने संकोची स्वभाव के कारण और ज़मीन पर चुपचाप काम करने की अपनी शांत प्रवृति के कारण सहज ही मेरी दूरी बनी रही बौद्धिक जगत के प्रसिद्ध लोगों से। दिल्ली में किसी साहित्यिक कार्यक्रम के आयोजन का हिस्सा होने के बावजूद मैं उनमें शिरकत करने वाले वरिष्ठ और प्रसिद्ध लोगों से कभी मिली नहीं, बस एक कार्यकर्ता की हैसियत से चुपचाप आयोजन की देखभाल कर निकल जाती।यहाँ तक कि अपने साहित्यकार पिता के कार्यक्रमों में भी। ‘मेरे गर्भ में चाँद’ कविता पुस्तक आने से पहले तक उँगलियों पर गिने जाने वाले देश के वरिष्ठ साहित्यकार एवं बुद्धिजीवी ही जानते थे कि नंदन जी की एक और पुत्री भी है। जो भी हरीतिमा, हमारे घर आयें, हमारे साथ रहे, वही जानते कि मनोरमा और नंदकिशोर की एक और पुत्री भी है।


अगर मैं गिरिधर राठी जी से नहीं मिली होती तो मुझे ज़रूर अपने संकोची स्वभाव पर अफ़सोस होता। बौद्धिक जगत से दूरी पर क़तई नहीं। बौद्धिक जगत का कंगलीपन मैंने इतने क़रीब से देखा है कि इनके क़रीब जाने, इनके बीच रहने मात्र के ख़याल से मैं बचपन से कोसों दूर रही। मगर गिरिधर राठी जी से मिलने के बाद लगा कि उनके जैसे लोग भी हैं इस बौद्धिक जगत में, जिनकी निश्छलता, जिनकी निष्कपटता और जिनकी सामाजिक प्रतिबद्धता में कभी कमी नहीं आई है। जिनके भीतर एक नन्हे बच्चे सी कोमलता है, हर किसी के लिए प्रेम है, बहुत बारीक रूप में सबका ख़याल, सबकी चिंता है। इस उम्र में अपने बनते बिगड़ते स्वास्थ्य के बीच भी जिनकी आवाज़ में उतनी ही चिंता दुनिया, समाज, बदलते सरोकारों, राजनीतिक संकीर्णताओं के लिए है।


गिरिधर राठी जी का नाम आते ही मेरे लिए ‘पहला गिरमिटिया’ पुस्तक सामने नहीं आती। आती है तो उनकी मुस्कान, जिस पर वास्तव में मैं फ़िदा हूँ। और जिसे कैमरे में क़ैद करने की भी मैंने खूब कोशिश की है । कह नहीं सकती मेरी बौद्धिक जगत से यह दूरी अच्छी है या बुरी, सही है या ग़लत। यह सच है कि प्रसिद्ध समाजवादी चिंतक लेखक सच्चिदानंद सिन्हा जी की जीवनी अगर मैं नहीं लिख रही होती तो इतने प्यारे इंसान से मैं मिल नहीं पाती, उनका इतना प्रेम नहीं मुझे मिल पाता। वे सारे गुण जिन्हें आज का समय डिस्कार्ड करता है, उन मूल्यों, उन गुणों को फिर से नई हिम्मत नहीं मिलती। उनके व्यक्तित्व के प्रकाश ने मेरी उम्मीद को, एक बेहतर दुनिया की उम्मीद को सदा हिम्मत दी है।


उम्मीद… उम्मीद जिनके भीतर होती है वह आख़िरी साँस तक उम्मीद का दामन नहीं छोड़ते। किसी की मुस्कान जो उम्मीद से भर देती है, उसके लिए उम्मीद माँगने कहाँ जाऊँ, यह पिछले कुछ दिनों से महसूस कर रही। हम सब के प्रिय लेखक, बेहद संवेदनशील इंसान गिरिधर राठी जी बेहद तकलीफ़ में हैं, बीमार हैं। मगर हृदय उम्मीद से भरा है, उनके शीघ्र स्वस्थ होने को लेकर। अभी उनके साथ बहुत सारी बातें, बहुत सारे काम साझा करना है। युवा कवियों, कलाकारों की रचना उनसे साझा करनी है, उनके अनुभव और संस्मरण की नई श्रृंखला को सुनना है, सहेजना है। और सबसे बड़ा स्वार्थ है उनके चेहरे पर बिखरी मुस्कान को बार-बार देखने का, जो मेरी हिम्मत को मज़बूत करती है, जो मेरे भीतर के मानवीय गुणों को सहारा देती है। उनके साथ सदियों की बिखरी कथाओं को कैसे समेटा, सहेजा और आगे कैसे बढ़ाया जाए, इस पर लंबी चर्चा होनी है। डॉक्टर जो भी कहें, मुझे इंतज़ार है उनके स्वस्थ होने का , उनसे शीघ्र मिलने का, बैठने बतियाने का।


उनसे कभी उनकी कविताओं पर बात करने का अवसर नहीं मिला। आज जब हर दिन कई युवाओं के साथ हर सुबह और रात उनकी एक कविता साझा कर रही तो मन हो रहा उन्हें बताऊँ कि उनकी कवितायें आज के युवा कितना पसंद कर रहे, वे क्या सोचते हैं उनकी रचना के बारे में।


आप सब से उनकी कुछ कवितायें साझा कर रही। हम सब का उनकी कविताओं का पाठ क्या पता उन्हें कुछ ऊर्जा पहुँचा सके, जो दवाएँ नहीं कर पा रहीं । शायद उनकी कविताओं का पाठ ही हमारी उनके लिए प्रार्थना होगी।

लेखिका शेफाली, बीच में वरिष्ठ लेखक कवि श्री गिरिधर राठी जी, और उनके पुत्र श्री विशाख राठी जी.
तस्वीर : शेफाली

कविता -1
लिखो/ गिरधर राठी

एक ने कहा लिखो भजन सूर-मीरा-से

दूजी ने कहा लिखो प्यानो के लिए गीत– बाब डिलन,
प्रेस्ले, बैज जैसे गाते हैं।
तीसरी ने कहा लिखो कुछ जो हम समझ सकें।
चौथे ने कहा लिखो घोषणा-पत्र।
पंचम ने कहा लिखो जंग, आग, इंक़लाब।
कहा कवि त्रिलोचन ने लिखो वाक्य पूरा।”

कविता – 2
सत्यं शिवं सुंदरम/ गिरधर राठी

सदा महा महा महा सागर में एक
नाव
तीन तिनकों की

कविता – 3
दिल्लीनामा / गिरधर राठी

देखे चांद-सितारे देखे

तनहा-तनहा सारे देखे

साहिल और सहारे देखे
हसरत के गुब्बारे देखे

बुत मस्जिद गुरुद्वारे देखे
गुरबत के अंगारे देखे

तड़-तड़ टूटे ईमां देखे
रोज़ नए बंटवारे देखे

दौलत की दीवारें देखीं
ताकत के गलियारे देखे

शौक-ओ-अदब के चौबारों पर
रहजन रहबर सारे देखे

चौरासी का मरघट देखा
इकहत्तर सैयारे देखे

साहिब और मुसाहिब देखे
रह देखी रखवारे देखे

उसकी आंखों से जो देखा
राह पडे़ बेचारे देखे

अपनी तरफ़ उठी जो नज़रें
धुआँ-धुआँ नज़्ज़ारे देखे ।

कविता – 4
जब ये शब्द भी भोथरे हो जाएंगे/ गिरधर राठी

चोर को कहा चोर
वह डरा
थोड़े दिन
डरा क्योंकि उस को पहचान लिया गया था

चोर को कहा चोर
वह ख़ुश हुआ
बहुत दिनों तक रहा ख़ुश
क्योंकि उसे पहचान लिया गया था

फिर छा गया डर
क्योंकि चोर आख़िर चोर था
बोलने वालों के हाथ सिर्फ़ हाथ थे
हाथ भी नहीं केवल मुँह थे
मुँह ही नहीं केवल शब्द थे
शब्द भी नहीं
केवल शोर…

चोर! चोर!!

कविता – 5
लेकिन कहाँ है जवाब?/ गिरधर राठी

बातें बेलाग हैं
सवाल दो-टूक–
कटे हुए जंगल
जलती हुई औरतें
ख़ाक छानते बच्चे
लुरियाते जवाँ-मर्द…

रंग हैं पहचाने
रौशनी अधुंधली–
भीनी-भीनी जूठन की पत्तलें
लपकते इंसान
चुंधियाती आँखें
और कुछ प्रवाल-द्वीप…

(और एक ऎसी ही लम्बी फ़ेहरिस्त
छटाएँ गहरी हल्की रंगारंग बदरंग
जटिलतम गुत्थियाँ
सरल-कठिन रेशे)
लेकिन कहाँ है जवाब?

(सभी कवितायें कविता कोश की वेबसाइट से साभार)

About Dr. Shephali Nandan

Shephali is an independent researcher, writer and educationist.

View all posts by Dr. Shephali Nandan →

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *